सेवा सेतु शिविर में 1200 लाभार्थियों ने लिया योजनाओं का लाभ - विधायक जय कुमार जैकी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

फतेहपुर। सेवा सेतु अभियान के तहत खजुहा, ऐरायां और विजयीपुर विकासखंडों में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया। शुक्रवार को खजुहा में पांच दिवसीय शिविर का समापन हुआ।
खजुहा में आयोजित समापन कार्यक्रम में बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी और जिला विकास अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित करने के साथ अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को विधायक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शिविर में आवास, शौचालय और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को लेकर ग्रामीणों की विशेष रुचि रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों के आवेदन भी लिए। खजुहा शिविर में करीब 1200, विजयीपुर में 1238 और ऐरायां में करीब 1115 लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। शिविरों का आयोजन संबंधित खंड विकास अधिकारियों कोमल सिंह, अशोक सिंह और जयप्रकाश की देखरेख में कराया गया।
इस खबर को शेयर करें