राधा अष्टमी पर सजा भक्ति का मंच, श्रेष्ठ राधा कॉन्टेस्ट में प्रतिभागियों ने मोहा मन

झांसी। भारत विकास परिषद मणिकर्णिका के तत्वावधान में राधा अष्टमी के पावन अवसर पर भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की भक्ति और संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथि माताजी अनुराधा शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनुपमा लोधी रहीं। कार्यक्रम में संरक्षक इंद्रा गुप्ता दीदी का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।
राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित ‘श्रेष्ठ राधा कॉन्टेस्ट’ में प्रतिभागियों ने राधा रानी के स्वरूप में मंच पर अपनी प्रतिभा, हाव-भाव, परिचय तथा श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की गई। 30 वर्ष से कम आयु वर्ग में गरिमा ने प्रथम, प्रियांशी ने द्वितीय तथा प्रतिभा यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मनीषा नरवरिया प्रथम, वंदना नाहर द्वितीय तथा दिव्या गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में आर्टिस्ट कॉन्टेस्ट भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रियंका ने प्रथम, प्रथम ने द्वितीय तथा प्रीति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विभिन्न झांकियों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के दौरान राधा-कृष्ण की भक्ति, भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला।
प्रतिभागियों को आकर्षक एवं मनमोहक राधा स्वरूप प्रदान करने में हेमंत सर के सभी आर्टिस्टों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके लिए हेमंत सर को विशेष बधाई एवं धन्यवाद दिया गया।
कार्यक्रम में मनीषा नरवरिया, वंदना नाहर, दिव्या गुप्ता, सारिका, ओजस्वी, प्रियसी, प्रियंका, प्रियांशी, नेहा, सिया, मोनिका, खुशबू, प्रीति, इंद्रा गुप्ता, प्रतिभा चौबे, अंजना सोनी, राजेश्वरी, राखी, रानी, राधा, मधु, मीनू सोनी, कुंती कौशिक, प्रतिभा यादव, स्वाति, मीनू एवं राशि सहित अनेक प्रतिभागियों और सहयोगियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को सफल एवं यादगार बनाया।
कार्यक्रम का संचालन रेणु अग्रवाल ने किया तथा निर्देशन स्वप्निल मोदी ने किया। अंत में सचिव मनीषा नरवरिया ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राधे-राधे और जय श्री राधा-कृष्ण के जयघोष के साथ हुआ।
इस खबर को शेयर करें