रसायन एवं भौतिक विज्ञान प्रदर्शनी में चमकीं बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभाएं

प्रातःकाल एक्सप्रेस
असोथर/फतेहपुर। असोथर पब्लिक स्कूल इंटर कॉलेज, पत्रकार पुरम असोथर में रसायन एवं भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित कार्यशील मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा व वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों और प्रयोगों की जानकारी ली। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक आदित्य अग्निहोत्री, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, नामित सभासद एवं किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष निर्मल सिंह चैहान, नामित सभासद सर्वेश गुप्ता तथा मोटे महादेव बाबा मंदिर के पुजारी मदनगोपाल शुक्ला मौजूद रहे। विद्यालय की पूर्व शिक्षिका और वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवाएं दे रहीं कुं. नम्रता सिंह ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। अभिभावकों ने विद्यार्थियों के मॉडल और प्रयोगों को देखा तथा उनकी प्रतिभा की सराहना की। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रयोग और नवाचार के जरिए विज्ञान को सरलता से समझने तथा उसे दैनिक जीवन से जोड़ने का संदेश दिया।
इस खबर को शेयर करें