राजसी सवारी में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, बाल कलाकारों ने बांधा समां 11 दिवसीय गणपति महोत्सव में बाल कलाकारों की भक्तिमय प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

प्रातःकाल एक्सप्रेस
फोटो 17

कौशांबी। नगर में आयोजित 16वें श्री गणपति पूजा महोत्सव-2026 में रविवार को भगवान गणेश की भव्य राजसी (शाही) सवारी निकाली गई। सवारी के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नगर में निकली सवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इससे पहले शनिवार की शाम सजे-धजे भव्य पंडाल में भगवान गणेश जी एवं रिद्धि-सिद्धि की प्रतिमाओं के समक्ष बाल कलाकारों ने सांस्कृतिक एवं भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। मनस्वी केसरवानी, श्रीजा, अविरल, पलक, नैंसी और शगुन समेत अन्य बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महज सात वर्ष की मनस्वी और चार वर्ष के अविरल की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर पंडाल तालियों से गूंज उठा।
आयोजकों ने बताया कि गणपति पूजा महोत्सव का आयोजन पिछले 15 वर्षों से सभी वर्गों के सहयोग और आपसी सद्भाव के साथ किया जा रहा है। 11 दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन आरती-वंदना के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ रही है।
समिति के संरक्षक एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र केसरवानी ने बताया कि 24 सितंबर को पंडाल परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं, अनंत चतुर्दशी के अवसर पर 25 सितंबर को भगवान गणेश की भव्य विदाई शोभायात्रा आयोजित की जाएगी। महोत्सव को लेकर नगरवासियों में उत्साह बना हुआ है।
इस खबर को शेयर करें