राजापुर के राजकुमार ने अपनाई सनातन संस्कृति, सिद्धेश्वर मंदिर में विधि-विधान से की घर वापसी

झांसी। विषम परिस्थितियों में रोजगार की तलाश में बंगाल गए राजापुर निवासी राजकुमार पटेरिया ने परिस्थितिवश मुस्लिम धर्म अपना लिया था और अपना नाम रफीक रख लिया था। इसी दौरान उन्होंने अफसरी खातून से विवाह भी किया। समय और परिस्थितियां बदलने के बाद राजकुमार अपने परिवार के साथ झांसी आए और पुनः सनातन संस्कृति में लौटने का निर्णय लिया।
राजकुमार ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शपथ पत्र देकर हिंदू धर्म में पुनः वापसी की इच्छा जताई थी। पत्राचार के माध्यम से उन्होंने प्रशासन को अपनी पूरी स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस स्तर पर मामले की जांच की गई।
शनिवार को सिद्धेश्वर मंदिर में आचार्य राजीव पाठक के सानिध्य में हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान के बाद राजकुमार ने गोमूत्र और गंगाजल ग्रहण कर सनातन संस्कृति में प्रवेश किया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के नेता विनोद अवस्थी, हिंदू जागरण मंच के प्रदीप खरे, भारतीय जनता पार्टी के डायरेक्टर पुरुषोत्तम स्वामी, दुर्गा उत्सव समिति के पियूष रावत, हिंदू जागरण मंच युवा के विकास अवस्थी, ब्राह्मण समाज के रामकुमार मिश्र एवं अतुल मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
राजकुमार ने अपने परिवार के साथ राजापुर गांव में मकान बनाकर रहने की इच्छा जताई। उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की।
इस खबर को शेयर करें