राहुल गांधी और खड़गे को हिरासत में लेने के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
सिद्धार्थनगर। दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार व हिरासत में लिए जाने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेसी भड़क उठे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक जोरदार विरोध मार्च निकाला और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना सीधे तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रहार है। विपक्षी नेता चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिसिया कार्रवाई के जरिए उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। सौंपे गए ज्ञापन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं के साथ बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराकर कठोर दंडात्मक व विभागीय कार्रवाई की मांग की गई।
इस मौके पर किरन शुक्ला, जावेद मोकीम, राजेंद्र मिश्रा, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, कृष्ण बहादुर सिंह, अभिनय राय, अनिल सिंह अन्नू, अकील अहमद मुन्नू, रंजना मिश्रा, सादिक अहमद, जिल्ले गालिब, राजन श्रीवास्तव, सुदामा प्रसाद, जाकिर हुसैन, लोकपति ओझा, ओमप्रकाश दूबे, मोहम्मद याकूब, रियाजउद्दीन राईनी, डॉ. प्रमोद कुमार, होरी लाल, राजेश सिंह, ज्योतिमा शुक्ला, दिवाकर त्रिपाठी, संतोष चौधरी, श्याम प्रकाश पांडेय और जोखन प्रजापति समेत बड़ी तादाद में कार्यकर्ता मौजूद रहे।