National
पटनी में धूमधाम से मनाया गया श्री श्याम जन्मोत्सव
चिलकाना। ग्राम पटनी में श्री श्याम शरण परिवार के तत्वावधान में चतुर्थ श्री श्याम जन्मोत्सव श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक चले कार्यक्रम में बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर केक काटकर प्रसाद वितरित किया गया जहाँ श्रद्धालुओं को मोरपंखी का झाड़ा भी लगाया गया। इस दौरान आयोजित संकीर्तन में खाटू श्याम जी, संकटमोचन हनुमान जी एवं मां शारदा जी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए और पूरा परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश पंवार,तेजपाल सैनी, नितिन गोयल, पदम गोयल, सेठी राम, वंश गोयल,विपिन खुराना,भरत कश्यप, सागर गिल,सुनील गोयल, संजय गोयल, एव सैकड़ो श्रद्धालु मौजूद रहे।