प्रयागराज व्यापार मंडल के शस्त्र पूजन में जुटे व्यापारी और उद्योगपति
प्रयागराज। प्रयागराज व्यापार मंडल द्वारा दशहरा के पावन अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी और उद्योगपति शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योगपति विद्रूप अग्रहरि रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने की, जबकि मुख्य यजमान चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता रहे। व्यापारियों ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने कहा कि व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संगठन कृतसंकल्पित है। व्यापारियों को कमजोर न समझा जाए, उनका किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि व्यापारी शास्त्र और शस्त्र दोनों का महत्व समझता है और आर्थिक रूप से सशक्त है। यदि किसी व्यापारी का उत्पीड़न हुआ तो संगठन एकजुट होकर मुंहतोड़ जवाब देगा।
महानगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने व्यापारियों के लंबित शस्त्र लाइसेंस आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की मांग उठाई। कार्यक्रम में युवा जिलाध्यक्ष प्रियंक कुमार गुप्ता (अंशु), महिला जिलाध्यक्ष जूही श्रीवास्तव, नगर वरिष्ठ महामंत्री विजय केसरवानी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता सहित जिला महामंत्री अखिलेश केसरवानी, सुशील जायसवाल, राजीव तिवारी, अमित गुप्ता व अन्य व्यापारी मौजूद रहे।