पीईटी-2026 परीक्षा को लेकर जनपद में तैयारियां पूर्ण, 13 परीक्षा केंद्रों पर 33,984 अभ्यर्थी होंगे शामिल
भदोही। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (च्म्ज्)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां प्रत्येक पाली में 5,664 अभ्यर्थी तथा सभी छह पालियों में कुल 33,984 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
परीक्षा का आयोजन 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर 2026 को दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03ः00 बजे से शाम 05ः00 बजे तक होगी।
जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में बूनमैक्स कॉन्वेंट स्कूल, गोधना, जंगीगंज गोपीगंज, गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज गोपीगंज, काशीराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर के ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-बी, मदर हलीमा पब्लिक स्कूल मर्यादपट्टी, पीएम विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, इन्द्रबहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही, सेंट थॉमस स्कूल गोपीगंज, सेंट थॉमस स्कूल बेदपुर ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज गोपीगंज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, श्री काशीराज महाविद्यालय इण्टर कॉलेज और टेंडर हार्ट पब्लिक स्कूल घोसिया औराई शामिल हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर शौचालय, पेयजल, जनरेटर, विद्युत व्यवस्था एवं भवन की आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराई गई हैं। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती के लिए पुलिस अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों के आवागमन को देखते हुए रेलवे स्टेशन, रोडवेज तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही परीक्षा के दौरान गोपनीय परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए कोषागार के डबल लॉक में पर्याप्त स्थान की व्यवस्था की गई है।
01 नवंबर 2026 को परीक्षा समाप्त होने के उपरांत गोपनीय परीक्षा सामग्री को आयोग मुख्यालय तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती भी सुनिश्चित कर दी गई है। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत बाह्य कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कार्य में लगे सभी केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुचिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान एवं सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।