प्राथमिक विद्यालय पनाहनगर में निःशुल्क स्पोर्ट्स ड्रेस एवं आईकार्ड का वितरण

प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रतापगढ़। प्राथमिक विद्यालय पनाहनगर, विकासखण्ड बाबागंज में बुधवार, 23 सितम्बर 2026 को विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्पोर्ट्स ड्रेस एवं आईकार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलकूद के प्रति रुचि बढ़ाने, अनुशासन की भावना विकसित करने तथा विद्यालय में एकरूपता एवं सकारात्मक वातावरण को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दशरथ पटेल, प्रधान प्रतिनिधि, ग्रामसभा पनाहनगर तथा विशिष्ट अतिथि बबलू सोनी, एकेडमिक रिसोर्स पर्सन, बाबागंज उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स ड्रेस एवं आईकार्ड वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दशरथ पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद का भी महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि बबलू सोनी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में प्रतिभाग करने तथा शिक्षा के साथ अपने व्यक्तित्व के समग्र विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अतीक अहमद फारूकी, सहायक अध्यापक जय प्रकाश वर्मा,कृष्ण नारायण पाण्डेय, आशुतोष तिवारी एवं श्यामली वर्मा तथा शिक्षामित्र अमृतलाल, संजू देवी एवं मनीषा देवी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क स्पोर्ट्स ड्रेस एवं आईकार्ड उपलब्ध कराए जाने से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खेल एवं शैक्षिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
इस खबर को शेयर करें