पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर ऑल इंडिया किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन

प्रातःकाल एक्सप्रेस
झांसी। ऑल इंडिया किसान यूनियन के माध्यम से ग्रामीण एवं किसान परिवारों की गंभीर समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में झांसी जिले सहित पूरे उत्तर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने तथा अवैध एवं कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से किसान यूनियन ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता और ग्रामीण समाज शराब के बढ़ते चलन तथा अवैध कच्ची शराब के कारोबार के चलते गंभीर संकट का सामना कर रहा है। शराब की लत के कारण किसान और ग्रामीण परिवार आर्थिक तंगी की ओर बढ़ रहे हैं। मेहनत-मजदूरी और खेती से अर्जित धन का बड़ा हिस्सा शराब के व्यसन में खर्च होने से परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
युवा पीढ़ी के भविष्य पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव
किसान यूनियन ने कहा कि गांवों और कस्बों में शराब की आसान उपलब्धता के कारण युवा एवं छात्र वर्ग भी इसकी चपेट में आ रहा है। इससे युवाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शराब के बढ़ते प्रचलन से प्रदेश की युवा शक्ति का भविष्य प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
अवैध और कच्ची शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग
ज्ञापन में झांसी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कथित रूप से संचालित अवैध एवं कच्ची शराब के कारोबार पर चिंता व्यक्त की गई। यूनियन ने कहा कि जहरीली शराब के सेवन से आए दिन मौतों और गंभीर बीमारियों की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता बनी हुई है।
ऑल इंडिया किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। शराबबंदी लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं तथा किसान और ग्रामीण परिवारों को शराब के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
यूनियन ने प्रदेश सरकार से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर बुन्देलखण्ड प्रदेश प्रभारी सिरोमण सिंह आचार्य,चरण सिंह राजपूत प्रदेश अध्यक्ष बुन्देलखण्ड,राकेश कुमार प्रधान लिधौरा , आत्माराम पूर्व प्रधान, जगदीश सिंह,रतीराम, महेंद्र सिंह, कैलाश सिंह, अमृत सिंह सहित आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
इस खबर को शेयर करें