National
परिजनों में मचा कोहराम, मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने नमूने लिए
औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के भूठा गांव में बीती रात एक विवाहिता का शव मकान के छत के जाल में साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर झूलता पाए जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। पति पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद होने की भी चर्चा है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है वहीं फॉरेंसिक टीम द्वारा भी मौके से नमूने संकलित किए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भूठा, रुरुखुर्द निवासी लगभग 27 वर्षीय पूनम देवी पत्नी योगेंद्र सविता का शव बीती रात मकान की छत के जाल में साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर झूलता पाए जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस को सूचना दी गई जिस पर कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह जादौन पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू करने के साथ फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया जिस पर फॉरेंसिक टीम द्वारा भी मौके से नमूने संकलित किए गए वहीं पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चर्चा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले दो दिन से कुछ आपसी विवाद था रात को सभी परिवारीजनों ने खाना खाया और बाद में सभी सोने चले गए। देर रात जब उसके पति की नींद खुली तो पूनम कमरे में नहीं मिली जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई तभी मकान के जाल में फांसी के फंदे पर उसका शव लटकता देख उसके होश उड़ गए। मृतका की शादी लगभग 6 वर्ष पूर्व हुई थी उसके एक चार वर्ष का पुत्र प्रिंस व एक नौ माह की पुत्री निधी भी है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।