पनियहवा पुल पर रील का बेशर्म खेल, यातायात से खिलवाड़

प्रातः काल एक्सप्रेस
ब्यूरो कुशीनगर....
कुशीनगर के खड्डा के चर्चित पनियहवा पुल पर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। पुल पर यातायात प्रभावित कर अश्लील रील बनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

वायरल वीडियो में दो महिलाएं पनियहवा पुल पर रील बनाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में कुछ आपत्तिजनक हरकतें भी नजर आ रही हैं, जिसे लेकर यूजर्स सार्वजनिक मर्यादा के उल्लंघन और अश्लीलता के आरोप लगा रहे हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यातायात प्रभावित होने का आरोप

पनियहवा पुल पर दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। पुल पर रील बनाने के लिए सड़क पर खड़े होकर वीडियो बनाने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंद सेकंड की रील के लिए इस तरह यातायात बाधित करना हादसे को दावत देना है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पुल पर रील बनाने से यातायात बाधित होने की शिकायत पर उपजिलाधिकारी खड्डा ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी हो रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कुशीनगर पुलिस-प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। वही इस मामले मे एसडीएम खड्डा डा0 संतराम सिंह बघेल ने कहा की मामला मेरे संज्ञान मे आया है इसकी जाँच करवा कर पुष्टि होने के उपरांत कार्रवाई होंगी बाकि वहां पहरा लगाया जायेगा ताकि इस तरह के रील बनाने वालों पर कार्रवाई होंगी।
इस खबर को शेयर करें