ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते: 706 बच्चों को सुरक्षित बचाया, नार्कोस में 3.44 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ और ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत उल्लेखनीय कार्रवाई की। इन अभियानों के अंतर्गत तीनों मंडलों में 706 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि मादक पदार्थों की तस्करी के 45 मामलों में 3 करोड़ 44 लाख 63 हजार 415 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।
‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत प्रयागराज मंडल में 450, झांसी मंडल में 189 और आगरा मंडल में 67 बच्चों को सहायता एवं संरक्षण प्रदान किया गया। वहीं, ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत प्रयागराज मंडल में 21 मामलों में 1.89 करोड़ रुपये, झांसी मंडल में 13 मामलों में 79.70 लाख रुपये और आगरा मंडल में 11 मामलों में 75.46 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद हुए।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और आरपीएफ महानिरीक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इन अभियानों का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और रेल मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाना है।