नवरात्रि में सजेगा ‘शक्ति उत्सव अलंकार समारोह’

फतेहपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर डॉ. वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल में आगामी 12 अक्टूबर को ‘शक्ति उत्सव अलंकार समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। समारोह में महिला शक्ति, संस्कृति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को महिला सशक्तिकरण एवं गरबा संस्कृति के भव्य उत्सव के रूप में आयोजित करने की तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली 15 महिलाओं को एक मंच पर लाकर आयोजन को सफल बनाने में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। समारोह में पारंपरिक गरबा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महिला शक्ति को समर्पित विभिन्न विशेष आकर्षण शामिल किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा बाजपेयी ने समिति की सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण आयोजन के लिए सभी महिलाओं का एकजुट होकर आगे आना अपने आप में सराहनीय पहल है। बैठक में सलोनी मेहरोत्रा, सुषमा सिंह, ललिता रस्तोगी, कविता रस्तोगी, कल्पना सिंह, संगीता द्विवेदी, माधुरी साहू और वंदना द्विवेदी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस खबर को शेयर करें