नेशनल हाईवे ओवरब्रिज पर बस का टायर फटा, यात्री गंभीर घायल लोहे की चद्दर फटने से पैर में लगी चोट, मेडिकल कॉलेज रेफर
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अनंतराम ओवरब्रिज पर मजदूरों से भरी बस का पिछला टायर तेज धमाके के साथ फट गया। टायर फटने से बस के अंदर लगी लोहे की चद्दर भी फट गई, जिसकी चपेट में आने से 52 वर्षीय यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र से मजदूरों को लेकर बस जसवंतनगर स्थित ईंट भट्ठे पर जा रही थी। ओवरब्रिज पर कंडक्टर की तरफ का पिछला टायर फटने से लोहे की चद्दर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे राठ के बंधवा निवासी राम अवतार के पैर में गंभीर चोट आई। चालक प्रदीप कुमार ने बस को नियंत्रित कर सुरक्षित रोक लिया। स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी अजीतमल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे खड़ा कराकर यातायात सुचारू कराया।