निर्धारित समय से पहले ही गायब मिले बीएलओ, आप नेता ने जताया एतराज
मीरजापुर । निर्वाचन आयोग के निर्देश के बावजूद मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में लापरवाही सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया में निर्धारित अवधि शाम चार बजे से पहले ही सभी बीएलओ नदारद मिले।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर विधानसभा संगठन प्रभारी सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने शनिवार दोपहर 3:40 बजे कॉलेज के सभी बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक भी बीएलओ मौके पर मौजूद नहीं मिला। इस पर एतराज जताते हुए पांडे ने कहा कि यदि इसी तरह पुनरीक्षण होगा तो इसे बंद कर देना चाहिए। उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि बूथों पर बीएलओ मौजूद नहीं हैं, फिर भी मतदाताओं के नाम जोड़े और काटे जा रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय तक चलाया जाए और सभी बीएलओ की बूथों पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। वहीं आप के अन्य नेताओं ने भी विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। किरदारतारा में जिला महासचिव संतोष कुमार पांडे, रतनगंज में रविंद्र सिंह चड्ढा और सुंदर-मुंदर बूथ में रमाशंकर साहू ने पुनरीक्षण कार्य देखा और 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की अपील की।