नगर निकायों के विकास कार्य 15 दिन में शुरू कराने के निर्देश

झांसी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में 15वें वित्त आयोग के टाइड एवं अनटाइड ग्रांट समेत विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की गई। समथर एवं बरुआसागर में लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अवशेष कार्य 15 दिन में शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
टैक्सी स्टैंड/पड़ाव स्थलों की समीक्षा में रानीपुर एवं कटेरा में पड़ाव स्थल संचालित कराने के निर्देश दिए गए। सभी निकायों में नाले-नालियों की सफाई कर एक सप्ताह में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया। वंदन योजना, पं. दीनदयाल नगर विकास योजना और एमआरएफ सेंटर की भी समीक्षा हुई।
आईजीआरएस शिकायतों पर अधिशासी अधिकारियों को स्वयं परीक्षण कर हस्ताक्षरित आख्या पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कर जनता को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने को कहा गया। बैठक में संबंधित नगर निकायों के अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें