National
मीरजापुर विकास भवन में ‘सेवा दिवस एवं आशीर्वाद’ थीम पर लगी प्रदर्शनी, लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ
मीरजापुर । शासन के निर्देश पर सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को विकास भवन परिसर में सेवा दिवस एवं आशीर्वाद थीम पर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रदर्शनी में कृषि, बाल विकास, उद्यान, दिव्यांगजन कल्याण, कौशल विकास, एनआरएलएम और जल जीवन मिशन सहित करीब 15 विभागों ने स्टॉल लगाए। जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। एनआरएलएम की ओर से 1.57 करोड़ रुपये से अधिक का चेक, 10 लाभार्थियों को टूल किट, सफाई मित्रों को स्वच्छता किट व प्रशस्ति पत्र, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन व नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री आवास के स्वीकृति पत्र तथा सीएम युवा योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया गया। वहीं सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला, रंगोली, वाद-विवाद और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। राजकीय महाविद्यालय मझवां में डिजिटल नुक्कड़ नाटक और मगरहा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गोष्ठी व वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार रमाशंकर सिंह राजपूत, जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।