मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 119 जोड़े बने जीवनसाथी झांसी में 81 और गुरसराय में 38 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद.

झांसी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को झांसी और गुरसराय में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों स्थानों पर कुल 119 जोड़े विवाह एवं निकाह के बंधन में बंधे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन शामिल हुए।
बीएचईएल स्थित उषा मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में बबीना विधायक राजीव सिंह परीछा, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला समाज कल्याण अधिकारी ललिता यादव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। यहां 50 हिंदू एवं 31 मुस्लिम समेत कुल 81 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस एवं खंड विकास अधिकारी बबीना आयुष्य सैनी, उपायुक्त मनरेगा शिखर श्रीवास्तव, उपायुक्त एनआरएलएम सुनील कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी बालगोविंद श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक मनोज कुमार सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों के परिजन मौजूद रहे। संचालन डा. नीति शास्त्री ने किया।
इसी क्रम में खुशबू पैलेस, गुरसराय में भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। यहां 35 हिंदू एवं तीन मुस्लिम समेत कुल 38 जोड़ों का विवाह एवं निकाह कराया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें