माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे पर PDA का शिकंजा, छोटी कर्बला सील अली ज़ैदी के नेतृत्व में शिया वक़्फ़ बोर्ड की बड़ी कार्रवाई, वक़्फ़ संपत्तियों को माफिया के कब्जे से मुक्त कराने की मुहिम तेज़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक़्फ़ बोर्ड के अध्यक्ष अली ज़ैदी के नेतृत्व में वक़्फ़ संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। प्रयागराज के चकिया स्थित छोटी कर्बला की वक़्फ़ संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे के मामले में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) द्वारा परिसर को सील किए जाने को माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। बताया गया है कि माफिया अतीक अहमद ने अपने रिश्तेदार अबू तालिब के माध्यम से उक्त संपत्ति पर अवैध कब्जा कराया था। इस मामले में शिया वक़्फ़ बोर्ड द्वारा गठित प्रयागराज निगरानी कमेटी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री शौकत भारती तथा एडवोकेट मेहदी अब्बास के लगातार प्रयासों ने अहम भूमिका निभाई। अली ज़ैदी ने स्पष्ट किया कि वक़्फ़ की संपत्तियां धार्मिक और सामाजिक अमानत हैं। इन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे कब्जेदार कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के दायरे में रहकर वक़्फ़ संपत्तियों की सुरक्षा और उन्हें कब्जामुक्त कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी अली ज़ैदी के नेतृत्व में लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र की एक वक़्फ़ संपत्ति को कथित रूप से कब्जा कर बेचने के मामले में मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शां अंसारी के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। अली ज़ैदी ने इस कार्रवाई को वक़्फ़ संपत्तियों पर माफिया के वर्चस्व को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि वक़्फ़ की संपत्तियों की हिफाज़त केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि धार्मिक अमानत की रक्षा का संकल्प है।
योगी आदित्यनाथ सरकार में गठित शिया वक़्फ़ बोर्ड द्वारा अवैध कब्जों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई से यह संदेश गया है कि वक़्फ़ संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
--------------------