खेत में फसल की रखवाली करने गए युवक की करंट लगने से मौत
औरैया। अयाना थाना क्षेत्र के सेंगनपुर गांव में खेत पर फसल की रखवाली करने गए 30 वर्षीय युवक की झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत में युवक का शव पड़ा मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे की मौत से पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सेंगनपुर गांव निवासी राजू दुबे का पुत्र लल्लू रोजाना की तरह फसल की रखवाली करने खेत पर गया था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन सामान्य रहे, लेकिन सुबह काफी देर तक उसके वापस न आने पर उन्हें चिंता हुई। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में खेत पर पहुंचे। वहां लल्लू का शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से युवक की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार में मातम छा गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। लल्लू अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।