कारपेट एक्सपो मार्ट की व्यवस्थाओं का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

प्रातःकाल एक्सप्रेस
फोटो 02

भदोही। 50वें (स्वर्ण जयंती) इंडिया कारपेट एक्सपो के आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने हेलीपैड स्थल ,कार्यक्रम स्थल, कारपेट एक्सपो मार्ट, कारपेट सिटी का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को एक्सपो मार्ट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने, विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत संबंधी सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को हेलीपैड, संपर्क मार्ग एवं अन्य संबंधित स्थलों को व्यवस्थित एवं सुचारु कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करते हुए आगंतुकों के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, मंच एवं कार्यक्रम स्थल, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था, अतिथि सुविधाएं, , पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें