झमाझम बारिश के बीच गूंजा सेवा का संकल्प, झांसी में गर्मजोशी से हुआ बाइक यात्रा का स्वागत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया वर्चुअल संवाद, युवाओं को दिलाया विकसित भारत का संकल्प

झांसी। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ बाइक यात्रा का झांसी पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। 24 सितंबर को नगर आगमन और रात्रि विश्राम के बाद यात्रा दल पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार पहुंचा, जहां यात्रियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से यात्रा में शामिल युवा यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी यात्री सौरेन्द्र दास से यात्रा के अनुभवों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा सेवा को जीवन का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
यात्रा की शुरुआत प्राचीन सिद्ध पीठ सिद्धेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ हुई। यहां जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, अनुज नीखरा, शिवांशु श्रीवास्तव, डॉ. धीरज अग्रवाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। इसके बाद बाइक यात्रा निर्धारित मार्ग से नगर भ्रमण पर निकली।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न जनपदों और गांवों में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, रक्तदान और जन-चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर रही यह यात्रा युवाओं को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का कार्य कर रही है।
बीकेडी चौराहा पर सदर विधायक रवि शर्मा के नेतृत्व में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कलश पूजन के साथ कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया। सीपरी बाजार में मंडल अध्यक्ष ऋषि सैनी, मंडल प्रभारी विनीत खटीक एवं विशाल रायकवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गुरुनानक चौक पर व्यापारी नेता पंकज शुक्ला, संजय चड्ढा, जितेंद्र सोनी सहित व्यापारियों ने माल्यार्पण कर यात्रा का उत्साह बढ़ाया। आवास विकास चौराहा पर पूर्व पार्षद विद्या प्रकाश दुबे, भरत यादव, मोहित शर्मा एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की। नंदनपुरा में युवा नेता सौरभ बाजपेई के नेतृत्व में युवाओं ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
बिहारी चौराहा पर यात्रियों ने वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। युवा नेता गौरव तिवारी, मंगलम दुबे, पूर्व पार्षद प्रेमनारायण साहू एवं पार्षद रामजी यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की तथा गुब्बारे उड़ाकर विकास और शांति का संदेश दिया।
झांसी जिले में यात्रा का अंतिम पड़ाव रक्सा टोल प्लाजा रहा, जहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला महामंत्री अरविंद राजपूत, मंडल अध्यक्ष रवि राजपूत, यात्रा संयोजक रानू देवलिया, प्रभारी शिवेन्द्र सिंह, राहुल राजपूत, युवा नेता अनिल सैन, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा वन विभाग के अधिकारियों ने पौधे रोपे। इसके बाद यात्रा दल अगले पड़ाव शिवपुरी, मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुआ।
कार्यक्रम में सांसद एवं राष्ट्रीय संयोजक विष्णु दत्त शर्मा, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं यात्रा के प्रदेश सह-संयोजक अवधेश श्रीवास्तव, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री सौरभ भूषण पांडेय, सांसद अनुराग शर्मा, महापौर बिहारी लाल आर्या, विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा’, विधायक जवाहर लाल राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में यात्रा संयोजक रानू देवलिया एड., सह-संयोजक सिद्धेश दुबे एवं ब्लॉक प्रमुख राजकांतेश वर्मा ने झांसी की जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
इस खबर को शेयर करें