जनगणना-2027 के दूसरे चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल, स्व-गणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर तक, 3,600 प्रगणक घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे जानकारी

भदोही। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में होने वाली जनसंख्या गणना (च्वचनसंजपवद म्दनउमतंजपवद) की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्मिकों के प्रशिक्षण तथा गणना कार्य को त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, पति-पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जातिध्जनजाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और कार्यस्थल तक आवागमन से संबंधित जानकारी शामिल होगी।
इसके अलावा व्यक्ति के जन्म स्थान, पिछले निवास, वर्तमान निवास की अवधि और पिछले पते से संबंधित विवरण भी दर्ज किया जाएगा। निर्धारित प्रपत्र के अनुसार कोविड-19 टीकाकरण के साथ बैंक खाते, मोबाइल नंबर, आधार, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी। मातृभाषा के रूप में हिंदी अथवा भोजपुरी दर्ज करने का प्रावधान रहेगा।

16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना

जनगणना के दूसरे चरण से पहले 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

3,600 प्रगणक और 550 पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे

जिले में जनगणना के लिए करीब 3,600 प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे। इनके कार्य की निगरानी के लिए लगभग 550 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। प्रशिक्षण के लिए 2 मास्टर ट्रेनर और 60 फील्ड ट्रेनर की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसलिए सभी कार्मिकों को प्रक्रिया और प्रपत्रों की पूरी जानकारी दी जाए तथा गणना में शुद्धता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बेघर व्यक्तियों की गणना भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यशाला जनगणना निदेशालय के ट्रेनर पंकज सिंह ने कराई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें