जिलाधिकारी ने की जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही के दिए निर्देश

कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज कार्यालय कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग से विगत माह जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं तथा रामवन गमन मार्ग, प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशांबी मार्ग सहित अन्य मार्गों पर चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर अब तक की गई सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी यातायात को निर्देशित किया कि रामवन गमन मार्ग, प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशांबी मार्ग सहित अन्य प्रमुख मार्गों का स्थलीय भ्रमण कर दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करते हुए आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि संबंधित उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए तहसीलवार बैठक आयोजित कराई जाए तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.ध्रा.) शालिनी प्रभाकर एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तारकेश्वर मल्ल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें