इमिलिया कोड़र में थारू जनजाति की 299 छात्राओं को मिली साइकिल की सौगात
पचपेड़वा(बलरामपुर)- जनपद में थारू जनजाति की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने तथा विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से विकास खंड पचपेड़वा स्थित थारू जनजाति संग्रहालय, इमलिया कोड़र में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महंत देवीपाटन मंदिर मिथलेश नाथ , जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह द्वारा थारू जनजाति की 299 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन थारू जनजाति विकास विभाग द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने, मन लगाकर अध्ययन करने एवं जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
**शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें थारू जनजाति की बेटियां**
कार्यक्रम के दौरान थारू जनजाति की बालिकाओं की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। साइकिल वितरण का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाली छात्राओं को विद्यालय तक आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना तथा शिक्षा प्राप्त करने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को कम करना है।
साइकिल उपलब्ध होने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सहूलियत मिलेगी, समय की बचत होगी तथा नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
**थारू जनजाति के शैक्षिक एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में सार्थक पहल**
थारू जनजाति विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदाय की छात्राओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
जनपद के दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले थारू जनजातीय परिवारों की बालिकाओं के लिए साइकिल की सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। इससे छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में आसानी होगी तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं में उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। छात्राओं के लिए यह पहल उनकी शैक्षिक यात्रा को अधिक सुगम बनाने तथा भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन प्रदान करने वाली है।
इस अवसर पर थारू जनजाति विकास विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण, छात्राएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।