हथौड़ा मारकर डीएम ने परखी निर्माण कार्य की गुणवत्ता

झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने विकासखंड बामौर के ग्राम डुमरई में समग्र शिक्षा के तहत निर्माणाधीन राजकीय हाईस्कूल भवन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता परखी। कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि 132.77 लाख की लागत से बन रहे भवन का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं हथौड़े से दीवारों की मजबूती जांची। एक कक्षा-कक्ष की दीवार, बीम से निकले सरिये और ऊपरी कास्टिंग में कमियां मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए। खिड़कियों व जालियों की फिक्सिंग में भी फिनिशिंग बेहतर कराने को कहा। टॉयलेट ब्लॉक में कुछ ईंटों की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न मिलने पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्तापूर्ण सामग्री के इस्तेमाल के निर्देश दिए।
एक कक्ष की दीवार में नमी मिलने पर प्रभावी उपाय करने और छत पर ब्रिक कोबा से वॉटरप्रूफिंग जल्द कराने को कहा। विद्यालय की सुरक्षा के लिए ग्राम निधि से नियमानुसार तार फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कमियों को तत्काल दूर कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक रती वर्मा, यूपी सिडको के प्रोजेक्ट मैनेजर रजनीश कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें