ग्राम चौपाल: औदही कला में डीएम ने सुनीं समस्याएं,कहा पात्रों को योजनाओं के लाभ से वंचित करने पर होगी सख्त कार्रवाई
सिद्धार्थनगर ब्यूरो: ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित व मौके पर निस्तारण के उद्देश्य से विकास खंड बढ़नी की ग्राम पंचायत औदही कला में 'ग्राम चौपाल—गांव की समस्या, गांव में समाधान' कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन व मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी गई। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से रूबरू होकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धता व क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए; इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि छूटे हुए सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं, ताकि उन्हें पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल सके। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति का भुगतान सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़ी दिक्कतों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी किसानों से 'फार्मर रजिस्ट्री' कराने का आह्वान किया, ताकि भविष्य में कृषि योजनाओं का सुगम लाभ मिल सके। पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धा, विधवा अथवा दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामलों का मौके पर ही सत्यापन कर निस्तारण किया जाए। उन्होंने राशन वितरण में पूरी पारदर्शिता बरतने, वरासत के मामलों को समयबद्ध ढंग से निपटाने और भूमि विवाद व पैमाइश संबंधी प्रार्थना पत्रों पर त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन्म, आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र के आवेदनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी करने पर जोर दिया गया। महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल देते हुए डीएम ने उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर तत्काल अपना नाम जुड़वाएं। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की विधिवत गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर समस्याओं का पंजीकरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ रवीश गुप्ता, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, खंड विकास अधिकारी बढ़नी अनिशमणि पाण्डेय, स्थानीय ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।