National
गृहक्लेश के चलते फंदे से लटक महिला ने कि आत्महत्या
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के भीखेपुर गांव में गृहकलेश के चलते 28 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। गुरुवार को विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में पंखे के सहारे गमछे से बने फंदे पर लटकता देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली क्षेत्र के भीखेपुर निवासी आलोक कुशवाहा की पत्नी विभा (28) का शव घर के अंदर कमरे में पंखे के सहारे पीले रंग के गमछे से बने फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार और मुरादगंज चौकी प्रभारी विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। विवाहिता की मौत होने के चलते घटना की जानकारी मजिस्ट्रेट को दी गई। नायब तहसीलदार अशोक कुमार की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फफूंद थाना क्षेत्र के सिमारा निवासी मृतका के भाई पवन कुमार ने बताया कि उसकी बहन विभा की शादी अप्रैल 2026 में आलोक कुमार पुत्र जगदीश निवासी भीखेपुर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही विभा फोन पर घर में विवाद और गृहकलेश होने की बात बताती थी। पवन के मुताबिक, बुधवार शाम को विवाद की जानकारी मिलने पर उसके चाचा उमाकांत और नीलम कुमार भीखेपुर पहुंचे थे। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों को समझाकर मामला शांत कराया और देर रात वापस चले गए। गुरुवार सुबह बहन को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। अनहोनी की आशंका पर वह चाचा के साथ भीखेपुर पहुंचा, जहां विभा का शव कमरे में फंदे पर लटकता मिला। इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।