एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनीं कक्षा आठ की छात्रा प्रीती, जांची व्यवस्थाएं
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत विकास क्षेत्र बढ़नी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसवा उर्फ शिवभारी में कक्षा आठ की छात्रा प्रीती को एक दिन का कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका बनाया गया। कुर्सी संभालते ही छात्रा ने विद्यालय की प्रशासनिक व शैक्षणिक व्यवस्थाओं की कमान संभाल ली।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका के रूप में प्रीती को विद्यालय की दैनिक गतिविधियों से अवगत कराया गया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने साथी छात्र-छात्राओं की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनका त्वरित निस्तारण कराया।
इसके साथ ही नन्हीं प्रधानाध्यापिका ने शिक्षकों के साथ बैठक कर उनकी शिक्षण डायरियों का अवलोकन किया तथा रसोइयों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और अनिवार्य रूप से ड्रेस कोड में आने के निर्देश दिए।