एचआईवी/एड्स नियंत्रण पर चिकित्साधिकारियों को किया जागरूक,जांच और उपचार सेवाओं को प्रभावी बनाने पर जोर
मुजफ्फरनगर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० सुनील तेवतिया की अध्यक्षता में बुधवार को जिला रेडक्रॉस भवन में एचआईवी/एड्स विषय पर जनपद के चिकित्साधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।इसमें संक्रमण की रोकथाम,समय पर जांच,उपचार,परामर्श और मरीजों की समुचित देखभाल को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको),उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में चिकित्साधिकारियों को राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के उद्देश्यों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।डा० सुनील तेवतिया के निर्देशन तथा जिला क्षय रोग अधिकारी डा० अजय प्रताप शाही के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में एचआईवी संक्रमण से बचाव, जांच एवं परामर्श सेवाओं और एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी (एआरटी) के बारे में विस्तार से बताया गया।कार्यशाला में यौन संचारित एवं प्रजनन तंत्र संक्रमणों (एसटीआई/आरटीआई) के प्रबंधन, ईवीटीएचएस तथा उच्च जोखिम वाले समूहों से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि एचआईवी संक्रमण पर नियंत्रण के लिए समय पर जांच,उचित परामर्श और मरीजों को उपचार सेवाओं से जोड़ना जरूरी है।चिकित्साधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में इन सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यशाला में जनपद के अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी,जिला चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी,विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, नगरीय क्षेत्र के चिकित्साधिकारी तथा एआरटी नोडल अधिकारी सहित संबंधित चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया।मास्टर ट्रेनर डा० मनीष शर्मा,राजेश रंजन (सीबीई),अवंतिका बाजपेयी (सीबीओ),अमित चौहान (सीपीएम) और दिशा क्लस्टर मुजफ्फरनगर की सीएचओ ममता ने रिसोर्स पर्सन के रूप में विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।कार्यशाला का उद्देश्य जिला स्तर पर एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को मजबूत करना और रोकथाम,जांच,उपचार एवं परामर्श सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।