डीसीएम व कार की आमने-सामने भिड़ंत होने से दो महिलाएं घायल
इटावा। थाना बढ़पुरा क्षेत्र के अंतर्गत उदी-आगरा मार्ग पर ग्राम मनिकापुरा के पास डीसीएम मिनी ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने भिड़ंत हुई भिड़ंत में कार सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार पछायगांव निवासी सुधाकर रविवार रात अपनी पत्नी लता, बहन और दो वर्षीय बेटे के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से इटावा स्थित काली वाहन माता मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद परिवार कार से वापस अपने घर लौट रहा था। उनकी कार उदी चौराहे की ओर से गुजर रही थी। इसी दौरान उदी-आगरा मार्ग पर ग्राम मनिकापुरा के पास आगरा की ओर से आ रहे डीसीएम मिनी ट्रक का पिछला एक्सल टूट गया और टायर फट गया। इससे डीसीएम अनियंत्रित हो गई और कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो महिलाएं घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलने पर बढ़पुरा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी उदी भेजा। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण बाधित हुए यातायात को सुचारु कराने के लिए डीसीएम को सड़क से हटवाया। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।