छह माह से लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण कराएं : आईजी

झांसी। पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि ने सोमवार को झांसी, जालौन और ललितपुर के पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने छह माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
आईजी ने आगामी गणेश चतुर्थी, विजयदशमी, मेलों, जुलूसों एवं अन्य आयोजनों को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए। गणेश पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मूर्ति विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा। भीड़भाड़ वाले बाजारों, स्कूल-कॉलेजों एवं अन्य स्थानों पर एंटी रोमियो स्क्वाड और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट, जातिगत विद्वेष फैलाने वाली सामग्री और आपत्तिजनक टिप्पणियों पर निगरानी रखते हुए माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध शस्त्र, जुआ-सट्टा, पशु तस्करी और अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने को कहा।
आईजी ने फरियादियों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई, महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों के साथ बेहतर व्यवहार, गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की शीघ्र बरामदगी तथा ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत प्रभावी पैरवी के निर्देश भी दिए। साथ ही साइबर अपराध से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करने और अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर जोर दिया।
बैठक में एसएसपी झांसी विकास कुमार, एसपी जालौन विनय कुमार सिंह, एसपी ललितपुर संजीव कुमार वाजपेई समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें