National
चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार अंगूठी, चेन और 10 हजार रुपये बरामद
चिलकाना। चिलकाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई एक अंगूठी, सफेद धातु की गले की चेन और 10 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया। थाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि 25 सितंबर को मोहल्ला कोठी वाला, सुल्तानपुर निवासी वहीद ने घर के ताले तोड़कर अलमारी में रखी 15 हजार रुपये की नकदी, चांदी की अंगूठी और गले का लॉकेट चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुल्तानपुर की ओर बंद पड़े भट्टे के पास से दो आरोपियों अब्दुल समद और मोहम्मद समीर, निवासी मोहल्ला कोठी वाला, सुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अब्दुल समद के कब्जे से सफेद धातु की अंगूठी और पांच हजार रुपये, जबकि मोहम्मद समीर से सफेद धातु की चेन और पांच हजार रुपये बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया।