बस स्टेशन के पास मिला अज्ञात युवक का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त

प्रातः काल एक्सप्रेस
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मनगर चौकी अंतर्गत रविवार को रोडवेज बस स्टेशन के समीप मैदान में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया,लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। ब्रह्मनगर चौकी पुलिस को राहगीरों द्वारा सूचना मिली कि रोडवेज बस स्टेशन के पास मैदान में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है और उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। जांच के बाद पुलिस ने उसे मृत पाया।पुलिस ने युवक के पास मौजूद सामान की तलाशी ली, लेकिन ऐसा कोई दस्तावेज या कागज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान कराने के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की पहचान कराने के प्रयास किया जा रहा है।
इस खबर को शेयर करें