बारिश से चारों ओर बिजली संकट, कई फीडरों की आपूर्ति ठप

जसवंतनगर/इटावा। लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। जसवंतनगर, जुगौरा, बलरई, सिरसा बीबामऊ और शाहजहांपुर समेत कई विद्युत फीडरों की आपूर्ति घंटों से बाधित है। कहीं इंसुलेटर डैमेज होने तो कहीं केबल बॉक्स फटने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई गांवों में 20 से 36 घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के जैन बाजार, सराउगी बाजार, कटरा पुख्ता, कटरा खूबचंद, फक्कड़पुरा और कैस्त आदि क्षेत्रों में करीब 12 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित है। वहीं छिमारा रोड और रेलमंडी के कुछ हिस्सों में करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैं। बारिश के बीच लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरेलू कामकाज के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्जिंग और पेयजल व्यवस्था को लेकर भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बलरई सब-स्टेशन से जुड़े नगला तौर, घुरहा, बलरई और धरबार आदि क्षेत्रों में करीब 36 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। वहीं सिरसा बीबामऊ क्षेत्र के श्याम नगर, सिरसा, जसोहन, कीरतपुर और मढ़ैया समेत कई गांवों में करीब 28 घंटे से बिजली बाधित है। जुगौरा सब-स्टेशन से जुड़े जुगौरा, भीखनपुर, रतेह का अड्डा, कोकावली और अंडावली आदि गांवों में करीब 20 घंटे से आपूर्ति ठप है। शाहजहांपुर सब-स्टेशन के मदनपुरा, धनुवां समेत आसपास के गांवों में करीब 12 घंटे से बिजली नहीं आई है। विद्युत विभाग के एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि सभी प्रभावित फीडरों पर अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। कर्मचारी खराबी वाले स्थानों पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटे हैं। उन्होंने देर शाम या रात तक सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई। सायंकाल समाचार लिखे जाने तक विद्युत सुचारु नहीं हो सकी थी।
------------------------------
बिजली तक नहीं दे पा रही सरकार,विकास के सिर्फ झूठे दावे:शिवपाल यादव
इस खबर को शेयर करें