National
बारिश के चलते जलजमाव को लेकर फजीहत में दिखे लोग, गुस्से में वकील
प्रतापगढ़। लगातार तीसरे दिन भी लालगंज क्षेत्र में बारिश के चलते व्यवस्था की कलई खुली दिखी। सबसे ज्यादा परेशानी तहसील में फरियादियों को हुई। वहीं परिसर में जलभराव से नाराज वकीलों ने शुक्रवार को भी न्यायिक कामकाज से खुद को विरत रखा। तहसील परिसर में लगातार जलभराव को लेकर नाराज वकीलों का कहना है कि प्रशासनिक अनदेखी से परिसर में संक्रमण के जरिये बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। संघ के अध्यक्ष राजेशचन्द्र तिवारी ने कहा कि समस्या की अनदेखी जारी रही तो अधिवक्ता इस मुद्दे पर घेराव व प्रदर्शन को बाध्य हांेगे। अस्पताल परिसर में भी बारिश के चलते जल भराव के कारण मरीजों तथा तीमारदारों को परेशान होते देखा गया। आदर्श प्राथमिक विद्यालय व नेताजी पुरम वार्ड सहित घुइसरनाथ रोड पर भी बारिश के पानी के ठहराव के कारण राहगीरों को मशक्कत में देखा गया। इधर बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति को भी प्रभावित देखा गया। दिन की पाली में कई बार आपूर्ति बाधित हुई। इसके चलते सरकारी संस्थानों में कामकाज भी प्रभावित हुआ दिखा।