National
बाल एवं महिला सुरक्षा को लेकर मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
इटावा। बालक-बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में SJPU एवं AHT के समन्वय से मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के कुशल नेतृत्व में हुई।बैठक में बालश्रम, मानव तस्करी, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति एवं गुमशुदा बालक-बालिकाओं की रोकथाम के साथ पॉक्सो अधिनियम-2012, किशोर न्याय अधिनियम-2015 एवं संबंधित नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बाल कल्याण समिति द्वारा धारा 137(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों में निर्धारित प्रारूप (क) एवं (ख) अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाने के निर्देश पुलिस बाल कल्याण अधिकारियों को दिए गए। साथ ही बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए विभागीय समन्वय मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बाल कल्याण समिति इटावा, महिला कल्याण विभाग, संरक्षण अधिकारी इटावा, महिला थाना, SJPU एवं AHT सहित जनपद के समस्त थानों पर नियुक्त पुलिस बाल कल्याण अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा बालक-बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।