बाइक-ई-रिक्शा की भिड़ंत में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल
औरैया। बेला थाना अंतर्गत चौकी याकूबपुर क्षेत्र के औरों मोड़ के पास बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी बेला में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार टिकनापुर गांव निवासी रामप्रकाश पुत्र मुंशीलाल और सत्यप्रकाश पुत्र रामसनेही बाइक से बेला की ओर जा रहे थे। औरों मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को बेला सीएचसी पहुंचाया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।