बहराइच-खलीलाबाद रेल लाइन: भूमि अधिग्रहण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा बांसी व खेसरहा में स्टेशन निर्माण का काम जारी, किसानों को प्रतिकर वितरण में तेजी लाने के निर्देश
सिद्धार्थनगर। बहराइच-खलीलाबाद नई रेल लाइन निर्माण परियोजना के अंतर्गत जनपद में चल रहे भूमि अधिग्रहण कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान प्रगति और मुआवजा वितरण की स्थिति की जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे के प्रतिनिधियों ने बताया कि खलीलाबाद से बहराइच तक करीब 240 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके पहले चरण में तहसील बांसी के ग्राम करमा से गौरी तक लगभग 54 किलोमीटर क्षेत्र में 82.81 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है और मौके पर मिट्टी पटाई का कार्य चल रहा है। इसके अंतर्गत ग्राम बतसा में खेसरहा स्टेशन और ग्राम गौरी में बांसी स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/सक्षम प्राधिकारी भूमि अध्याप्ति ने बताया कि प्रभावित भू-स्वामियों व किसानों को प्रतिकर भुगतान सुचारू रूप से दिया जा रहा है।
परियोजना के दूसरे चरण में बांसी तहसील के 18 गांवों व आरओबी से जुड़े 5 गांवों में से 15 गांवों में धारा-20ई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि धारा-20एफ की कार्यवाही 15 अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य है। वहीं तहसील डुमरियागंज में प्रस्तावित 46 गांवों में से 15 गांवों में धारा-20एफ के तहत मुआवजा बांटा जा रहा है। शेष 15 गांवों में 30 नवंबर तक यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा 16 गांवों में रेलवे द्वारा अग्रिम कार्रवाई जारी है। बैठक में उप मुख्य अभियंता निर्माण, सहायक अभियंता, नायब तहसीलदार बांसी व भू-अध्याप्ति विभाग के पटल सहायक उपस्थित रहे।