बीच रास्ते स्कूल बस का डीजल खत्म, बच्चों ने लगाया धक्का, वीडियो वायरल
औरैया। जनपद के उमरैन कस्बे में एक निजी स्कूल बस का डीजल खत्म होने से बच्चे बीच रास्ते में फंस गए। बच्चों को उतरकर बस को धक्का लगाकर सड़क किनारे लगाना पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि बिधूना स्थित एक निजी कॉन्वेंट स्कूल की बस रोजाना उमरैन क्षेत्र से करीब 40 बच्चों को लेकर स्कूल जाती है। शुक्रवार सुबह रास्ते में अचानक बस का डीजल खत्म हो गया और बस बंद हो गई। बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा और स्कूल पहुंचने में देरी हुई। इस मामले में विद्यालय के ट्रैफिक इंचार्ज विपिन कुमार ने बताया कि चालक नया था और डीजल भरवाना भूल गया था। बाद में डीजल डलवाकर बस को स्कूल रवाना किया गया। घटना के बाद स्कूल बसों के रखरखाव और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों ने बसों की नियमित जांच की मांग की है।