अवैध तरीके से बिक रहा हैं शराब, दीवार की खिड़की से चल रहा कारोबार
मीरजापुर। शहर के हृदय स्थल बड़ौली बसाही गौरा स्थित पीली कोठी देशी शराब की दुकान पर आबकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान पर 24 घंटे शराब की बिक्री की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान के बोर्ड पर दुकान का नाम - पीली कोठी, अनुज्ञापी - उषा देवी, शॉप आईडी - 17891 और लाइसेंस अवधि 01.04.2025 से 31.03.2026 अंकित है। नियमानुसार देशी शराब की दुकान का संचालन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक ही किया जाना है।
लेकिन स्थानीय नागरिकों द्वारा बनाए गए वीडियो में कुछ और ही हकीकत सामने आई है। GPS Map Camera से 22 अक्टूबर को सुबह 06:10 बजे लिए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि दुकान का मुख्य शटर बंद है और बगल की दीवार में बनी छोटी खिड़की से एक व्यक्ति को शराब दी जा रही है। मौके पर जमीन पर देशी शराब के खाली पाउच, बोतलें और कचरे का अंबार लगा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में दुकान सामान्य रूप से चलती है, लेकिन रात में शटर बंद कर पीछे की खिड़की से अवैध बिक्री की जाती है। इससे क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, गंदगी और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।
लोगों का आरोप है कि यह सब आबकारी विभाग की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। नियमित जांच न होने से दुकान संचालक के हौसले बुलंद हैं।
इस संबंध में स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी से तत्काल जांच कर लाइसेंस निरस्त करने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।