पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिस जवानों को नमन, दी गई श्रद्धांजलि
मीरजापुर (अमरेश चंद्र पाण्डेय/अभय त्रिपाठी)। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन मिर्जापुर में शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मिर्जापुर पूनम और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित पुलिस एवं पीएसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद जवानों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर गार्द ने सलामी दी और शहीद पुलिसकर्मियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष उन वीर पुलिसकर्मियों की शहादत को याद करने के लिए मनाया जाता है, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश और समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया कार्यक्रम में 39वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक, पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस एवं पीएसी के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।