National
अवैध खनन से भरे तीन डंपर को पुलिस ने किया सीज
चिलकाना। अवैध खनन एवं खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ चिलकाना पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर अवैध खनन और उसके परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार सुबह पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दुमझेड़ा रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टीम ने खनन सामग्री से भरे तीन डंपरों को रोककर जांच की। जांच में डंपर बिना रॉयल्टी के खनन सामग्री का परिवहन करते पाए गए। टीम ने तीनों डंपरों को कब्जे में लेकर थाना चिलकाना पहुंचाया, जहां उन्हें नियमानुसार सीज कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग और उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।