अपना दल (एस) की मासिक बैठक में 17 अधिवक्ताओं ने ली सदस्यता देव प्रताप सिंह तोमर बने विधि मंच के जिलाध्यक्ष, 2027 चुनाव की तैयारियों का बिगुल
इटावा। अपना दल (एस) की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान 17 वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा में आस्था जताते हुए अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण की। देव प्रताप सिंह तोमर एडवोकेट को पार्टी के विधि मंच का जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरिशंकर पटेल ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से होती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में संगठन विस्तार और जनसंपर्क को प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है, जिसमें कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी दोनों मिलती हैं। जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार ने पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की नीतियों और कार्यशैली से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से जिले में पार्टी का संगठनात्मक आधार और मजबूत होगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष हरिओम सिंह चौहान, अमित चौरसिया एडवोकेट, जिला महामंत्री इंजीनियर राजेश कुमार वर्मा, देव प्रताप सिंह एडवोकेट और विवेक तिवारी एडवोकेट ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संगठन विस्तार के साथ ही बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने पर जोर दिया।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले अधिवक्ताओं में देव प्रताप सिंह, विवेक तिवारी, अनुज यादव, अंकित त्रिपाठी, अनिल यादव, अवधेश कुमार, मोहम्मद साजिद, श्रीकांत त्रिपाठी, अरुण यादव, मजहर खान, विकास मिश्रा, जतिन यादव, मलखान सिंह, विनीत कुमार, प्रवेश शर्मा, अंकित चतुर्वेदी और दीपेंद्र मिश्रा शामिल रहे। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष अनुपम पटेल, इटावा विधानसभा अध्यक्ष सुधीर सविता, इटावा जोन अध्यक्ष सुनील कुमार, उदी जोन अध्यक्ष संदीप कुमार पाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।