आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण की मांग को लेकर मिर्जापुर में पेंशनर्स का प्रदर्शन

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था, जनपद शाखा मिर्जापुर के तत्वावधान में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर पेंशनर्स ने जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण का स्पष्ट प्रावधान करने की मांग को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने बैनर और प्लेकार्ड लेकर नारेबाजी की तथा अपना विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारी नेता लल्लू तिवारी ने बताया कि 3 नवंबर 2025 को जारी आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन की अधिसूचना में पेंशन पुनरीक्षण का कोई उल्लेख नहीं है। इससे केंद्र और राज्य सरकार के लाखों पेंशनर्स में भारी असमंजस और चिंता व्याप्त है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यसभा में आश्वासन दिया था कि सातवें वेतन आयोग के लाभ आठवें वेतन आयोग में भी मिलते रहेंगे और इस संबंध में कार्यालय ज्ञाप जारी किया जाएगा। लेकिन अभी तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। ज्ञापन में पेंशनर्स ने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक डी.एस. नाकरा बनाम यूनियन ऑफ इंडिया मामले में संविधान पीठ के फैसले का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशनर को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
इस खबर को शेयर करें