आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में 3 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना देवबंद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मुकदमे में फरार चल रहे तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घटना के संबंध में 15 सितंबर 2026 को वादी सौरभ कुमार पुत्र बाबूराम निवासी राजूपुर थाना देवबंद ने तहरीर दी थी कि अभियुक्त इशांत, आकांक्षा, कोमल, जयपाल और गीता निवासी जेल चुंगी शांति नगर थाना जनकपुरी ने उनके भाई के साथ गाली-गलौज की, जिससे आहत होकर उनके भाई ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस पर थाना देवबंद पर मु.अ.सं. 681/2026 धारा 352/108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसपी ग्रामीण और सीओ देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर इशांत पुत्र जयपाल, आकांक्षा पुत्री जयपाल और कोमल पत्नी स्व. शुभम पुत्री जयपाल को जेल चुंगी सहारनपुर से गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।