आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिवार में कोहराम
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फूलपुर में मंगलवार सुबह खेत के पास आम के पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला, जिससे सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान फूलपुर निवासी शटरिंग मिस्त्री प्रमोद दोहरे (35) पुत्र राम सिंह के रूप में हुई। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि प्रमोद सोमवार रात खाना खाकर सोया था, रात में कब घर से निकला परिजनों को पता नहीं चला। सुबह ग्रामीणों ने जंग बहादुर मिश्रा के खेत के पास शव लटका देखा। मृतक के परिवार में पत्नी संगीता और दो बेटे शिवा (13) व देव (10) हैं। प्रमोद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां सियादेवी और पिता रामसिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार प्रमोद को शराब की लत थी, जिसे लेकर परिवार में कलह होती थी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।