25 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन एसडीओ स्तर से स्वीकृत करने की मांग बुंदेलखंड क्रांति दल ने मुख्य अभियंता विद्युत को सौंपा ज्ञापन, टीजी-2 तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में लगाने की भी उठाई मांग

झाँसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में शनिवार को मुख्य अभियंता विद्युत, झाँसी क्षेत्र को ज्ञापन सौंपकर आम उपभोक्ताओं एवं किसानों से जुड़ी विद्युत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में 6 किलोवाट से 25 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शनों की स्वीकृति एसडीओ स्तर से किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि विभागीय आदेश के अनुसार निर्धारित भार तक के विद्युत कनेक्शन स्वीकृत करने का अधिकार सहायक अभियंता (विद्युत)/एसडीओ को दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद कनेक्शन एसडीओ की आईडी के बजाय अधिशासी अभियंता की आईडी से स्वीकृत किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि 6 से 25 किलोवाट तक के पात्र कनेक्शन एसडीओ स्तर से ही स्वीकृत किए जाएं तथा आदेश का पालन न करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में टीजी-2 तकनीकी कर्मचारियों को कार्यालयों के बजाय फील्ड में तैनात करने की मांग भी की गई। उन्होंने कहा कि तकनीकी कर्मचारियों का मूल कार्य फील्ड से संबंधित है, लेकिन कई कर्मचारियों को कार्यालयों में लगाए जाने से फील्ड में तकनीकी स्टाफ की कमी बनी हुई है। इससे किसानों और उपभोक्ताओं की विद्युत समस्याओं के समाधान में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कार्यालयों में तैनात टीजी-2 कर्मचारियों को उनके मूल दायित्व के अनुसार फील्ड में भेजने की मांग की।
बुंदेलखंड क्रांति दल ने दोनों मामलों की तत्काल जांच कराकर विभागीय आदेशों का पालन सुनिश्चित करने तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर मो. नईम मंसूरी, आरिफ कमाल, कालीचरण श्रीवास, सुनील पुरोहित, जगदीश विश्वकर्मा, हरिशंकर शर्मा, भरत राजा, दीप्ति रजक, आयुष तिवारी, लक्ष्मीनारायण श्रीवास, देवी प्रसाद प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें